संगीतमय पाठ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गौसेवा के लिए जुटाई सहयोग राशि
हनुमानगढ़। टाउन के भटनेर दुर्ग के पास बरकत कॉलोनी में स्थित फाटक गौशाला के सेठ सांवलिया मंदिर में रविवार रात्रि दसवां श्री सुंदरकांड पाठ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान राम विलास बंसल, गोदावरी देवी बंसल, दीपक बंसल, रिंपी बंसल एवं दिव्या बंसल रहे। यजमान परिवार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्री राम दरबार के समक्ष माथा टेका तथा हनुमानजी की आरती की। इसके पश्चात श्री सांवलिया सेठ सुंदरकांड मित्र मंडल के सदस्यों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। मंडल के सदस्यों ने सुंदरकांड की चौपाइयों एवं भजनों की मधुर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पाठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ श्री हनुमानजी का गुणगान किया। कार्यक्रम के दौरान गौसेवा एवं जीव सेवा के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। श्री गौ सेवा संस्थान, फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि फाटक गौशाला में श्री सांवलिया सेठ के सानिध्य में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन से प्राप्त होने वाली सहयोग राशि को बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय पशुओं के उपचार में लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि गौशाला में बीमार एवं घायल गोवंश का उपचार जनसहयोग से किया जा रहा है। अग्रवाल ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि गौसेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें। जो भी व्यक्ति पशुओं के उपचार के लिए सहयोग करना चाहता है, वह फाटक गौशाला में पहुंचकर अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से अधिक से अधिक असहाय एवं घायल गोवंश को उपचार और संरक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































