भीमसिंह शेखावत को न्याय दिलाने की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन

31

– समर्थकों ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मुकदमों में फंसाने का लगाया आरोप, मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग
हनुमानगढ़। रावतसर क्षेत्र के आमजन की ओर से भीमसिंह शेखावत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भीमसिंह शेखावत को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाकर न्याय दिलाने की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार भीमसिंह पुत्र भंवरसिंह, निवासी वार्ड नंबर 1 रावतसर, नगरपालिका रावतसर के वार्ड नंबर 19 से पार्षद पद एवं चेयरमैन पद के प्रत्याशी हैं। आरोप है कि राजनीतिक कारणों के चलते उनके खिलाफ पुलिस थाना पल्लू में एफआईआर संख्या 154/2026 एससी एक्ट के तहत 17 अगस्त 2026 को मामला दर्ज करवाया गया। ज्ञापन में दावा किया गया कि इस प्रकरण में परिवादी बजरंगलाल नायक निवासी ढाणी पांडूसर के साथ 19 अगस्त को राजीनामा हो गया था।
इसके बावजूद ज्ञापन के अनुसार 22 अगस्त को डीएसपी नोहर सुभाष पूनियां द्वारा भीमसिंह शेखावत को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद 23 अगस्त को उनके खिलाफ एफआईआर संख्या 159/2026 एवं 160/2026 के तहत अवैध शराब से संबंधित मामले दर्ज किए जाने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।
ज्ञापन में आगे कहा गया कि एससी/एसटी न्यायालय द्वारा 25 अगस्त को भीमसिंह शेखावत को जमानत दिए जाने के बाद उन्हें शराब से संबंधित अन्य मामलों में गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई को लेकर समर्थकों ने राजनीतिक षड्यंत्र की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।