– युवा भामाशाह राजेश चौधरी ने जयपुर से दोनों मूर्तियां लाकर मुख्य यजमान के रूप में करवाया स्थापना पूजन
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत अराईयावाली में शुक्रवार को गांव की गोगामेड़ी में जाहरवीर गोगा जी महाराज एवं गोरखनाथ जी महाराज की मूर्ति स्थापना विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। युवा भामाशाह एवं समाजसेवी राजेश चौधरी, जयपुर द्वारा दोनों मूर्तियां लाकर गोगामेड़ी में स्थापित करवाई गईं। इस अवसर पर राजेश चौधरी ने मुख्य यजमान के रूप में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाकर मूर्तियों की स्थापना करवाई। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
मूर्ति स्थापना के दौरान गोगामेड़ी परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के बाद जाहरवीर गोगा जी महाराज और गोरखनाथ जी महाराज की मूर्तियों को विधिवत स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं ने दोनों देवताओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा गांव एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
इस अवसर पर राजेश चौधरी के पिता एवं जोरावरपुरा गौशाला अध्यक्ष साहब राम सिराव, बड़े भाई राजपाल सिराव, राजकुमार सेठ, रामजीलाल भाकर, अमीलाल सिरडिया सहित बड़ी संख्या में भक्तजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पूजा-अर्चना की और मूर्ति स्थापना के साक्षी बने।
ग्रामीणों ने कहा कि गोगामेड़ी में दोनों मूर्तियों की स्थापना से धार्मिक स्थल का महत्व और बढ़ गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को जाहरवीर गोगा जी महाराज एवं गोरखनाथ जी महाराज के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का अवसर मिलेगा। मूर्ति स्थापना के बाद ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































