-जिलाध्यक्ष मक्कासर बोले- गलतियों से सबक लेकर पंचायत चुनाव में मजबूती से उतरेंगे
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हाल ही में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। बैठक में नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ निकाय चुनाव के परिणामों और चुनाव के दौरान सामने आई परिस्थितियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि चुनाव के दौरान संगठन स्तर पर जो कमियां सामने आई हैं, उनका गंभीरता से विश्लेषण किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी कमियों की पुनरावृत्ति नहीं हो। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
मक्कासर ने कहा कि निकाय चुनाव के अनुभवों से सीख लेते हुए आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू करनी होंगी। पार्टी को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर चुनावी तैयारियों को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और संगठन पूरी गंभीरता से रणनीति बनाकर काम करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































