रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सिटी की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

33

-भारतेन्दू सैनी अध्यक्ष, जितेन्द्र मोदी सचिव और महक गर्ग कोषाध्यक्ष बने
हनुमानगढ़। रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सिटी का शपथ ग्रहण समारोह समारोहपूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम में रोटरी क्लब की नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में क्लब पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित सिंगला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट जनरल सेक्रेटरी सुमित गोयल तथा असिस्टेंट गवर्नर जे.के. अरोड़ा उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों ने भी शिरकत की। इनमें लायंस क्लब अध्यक्ष अशोक सुथार, उप निदेशक आयुर्वेद तीर्थराज शर्मा, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रामनिवास मांडण, मोहित बलादिया, भारत विकास परिषद अध्यक्ष अनिल कौशिक तथा नरेश शर्मा शामिल रहे।
समारोह के दौरान रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सिटी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित सिंगला ने नवनियुक्त अध्यक्ष भारतेन्दू सैनी, सचिव जितेन्द्र मोदी और कोषाध्यक्ष महक गर्ग को पद की गरिमा एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने क्लब के उद्देश्यों के अनुरूप समाजसेवा को प्राथमिकता देने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि अमित सिंगला ने कहा कि रोटरी क्लब समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। क्लब के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को गति दी जा सकती है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पद केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा का अवसर भी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।