विद्या सेंट्रल एकेडमी के दो विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में चयन

40

– कुलश्रेष्ठ ने जीता स्वर्ण, वैभव ने दो रजत पदक हासिल कर बनाई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह
हनुमानगढ़। विद्या सेंट्रल एकेडमी स्कूल के विद्यार्थियों ने खेल क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन भीलवाड़ा में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
विद्यालय के कक्षा 8 के छात्र कुलश्रेष्ठ तथा कक्षा 5 के छात्र वैभव ने 30वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रतनपुरा संगरिया में किया गया था। प्रतियोगिता में कुलश्रेष्ठ ने अपने इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं कक्षा 5 के छात्र वैभव ने 500 मीटर तथा 1000 मीटर रेस में दमदार प्रदर्शन करते हुए एक-एक रजत पदक अपने नाम किया।
दोनों विद्यार्थियों ने पदक हासिल कर प्रतियोगिता में अंक अर्जित किए, जिसके आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।