– हार्ट किट का प्रदर्शन कर बच्चों को समझाया आपातकाल में उपयोग का तरीका
हनुमानगढ़। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की ओर से जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में हृदय स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली तथा हार्ट अटैक जैसी आपातकालीन स्थिति में समय पर प्राथमिक सहायता के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। सेमिनार के साथ लाइफ सेविंग हार्ट किट का विवरण एवं प्रदर्शन भी किया गया और विद्यार्थियों को इसके लाभ तथा उपयोग की जानकारी दी गई।
जागरूकता सेमिनार के मुख्य वक्ता वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश बाजिया रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने की। डॉ. बाजिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हृदयाघात के मामलों में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में मरीज को तत्काल प्राथमिक सहायता मिलना और समय रहते चिकित्सकीय उपचार तक पहुंचाना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित खान-पान, पर्याप्त नींद, तनाव नियंत्रण तथा तंबाकू और अन्य हानिकारक पदार्थों से दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि अभी से स्वस्थ जीवनशैली अपनाए तो भविष्य में हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































