महाकवि राव चंदबरदाई की जयंती पर 30 सितंबर को सजेगा भव्य समारोह

41

दुर्गा मंदिर धर्मशाला में होगा आयोजन, विधायक गणेश राज बंसल होंगे मुख्य अतिथि
हनुमानगढ़। सर्वभाट राव ऑल इंडिया फाउंडेशन जिला इकाई हनुमानगढ़ की ओर से महाकवि राव चंदबरदाई की जयंती के उपलक्ष्य में 30 सितंबर, बुधवार को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह हनुमानगढ़ जंक्शन में बस स्टैंड के पीछे स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आयोजन को लेकर फाउंडेशन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा समाज के लोगों में समारोह को लेकर उत्साह है।
फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष विजय कुमार भाट ने बताया कि जयंती समारोह में महाकवि राव चंदबरदाई के जीवन, साहित्यिक योगदान, उनकी प्रसिद्ध रचनाओं तथा समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को महाकवि के साहित्य और उनके व्यक्तित्व से परिचित करवाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेश राज बंसल शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा, पार्षद रमेश कुमार भाट तथा पार्षद पीलीबंगा पूजा देवी भाट मौजूद रहेंगी।
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में समाज के गणमान्य लोगों, पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले समाजबंधुओं की सहभागिता रहेगी। इस दौरान महाकवि राव चंदबरदाई के साहित्य और ऐतिहासिक योगदान पर वक्ताओं द्वारा विचार रखे जाएंगे।
जिला अध्यक्ष विजय कुमार भाट ने सर्वभाट राव समाज के सभी समाजबंधुओं से समारोह में सपरिवार शामिल होकर महाकवि राव चंदबरदाई की जयंती को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकजुटता के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।