-20-25 अभ्यर्थियों के आवेदन, योग्यता- अनुभव और मेरिट रिकॉर्ड की जांच करवाने की मांग
हनुमानगढ़। राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी (आरएसएसीएस) के तहत एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में लैब टेक्नीशियन पदों पर प्लेसमेंट एजेन्सी के माध्यम से की गई भर्ती एवं चयन प्रक्रिया को लेकर शिकायत सामने आई है। जिला कलेक्टर को प्रस्तुत आवेदन में भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच करवाने की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के पालन को सुनिश्चित करवाना है।
आवेदन के अनुसार आरएसएसीएस की ओर से एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत रिक्त पदों को अल्प अवधि के लिए प्लेसमेंट एजेन्सी के माध्यम से भरने संबंधी आदेश जारी किया गया था। लैब टेक्नीशियन पद के लिए कम से कम दो वर्ष की अवधि का मान्यता प्राप्त डीएमएलटी/डीएमएलएस
पाठ्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसके साथ संबंधित अनुभव का भी उल्लेख किया गया था। शिकायतकर्ता ने चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव एवं प्रस्तुत दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन हुआ या नहीं, इसकी जांच की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि संबंधित लैब टेक्नीशियन पदों के लिए लगभग 20 से 25 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। ऐसे में सभी पात्र अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर मेरिट अथवा चयन सूची तैयार की गई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय बताया गया है। आवेदन में कुछ अभ्यर्थियों के बीच व्यक्तिगत जान-पहचान अथवा संबंधों के आधार पर प्राथमिकता दिए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए इसकी स्वतंत्र जांच की मांग की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































