वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

46

– जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में निकली विशाल रैली, भाजपा की तानाशाही पर साधा निशाना
हनुमानगढ़। ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर कांग्रेस की ओर से जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विरोध जताया। रैली के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर अपना आक्रोश दर्ज करवाया। कांग्रेस देशभर में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर ‘वोट चोरी’ के आरोपों के आधार पर विरोध दर्ज करा रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सबसे महत्वपूर्ण होता है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर जनता के बीच जाएंगे तथा लोगों को पूरे मामले की जानकारी देंगे। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार की रक्षा से जुड़े सवालों को लेकर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर आमजन से संवाद करें तथा चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की विश्वसनीयता बनी रहना आवश्यक है और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।