-राज तिवाड़ी प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, सर्व ब्राह्मण महासभा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। सर्व ब्राह्मण महासभा जिला हनुमानगढ़ की ओर से जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस अधीक्षक को दो ज्ञापन सौंपकर दो अलग-अलग मामलों में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। महासभा ने नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्लासेज के संचालक राज तिवारी के विरुद्ध दिए गए परिवाद की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग उठाई।
महासभा की ओर से दिए गए पहले ज्ञापन में बताया गया कि गांव नेठराना, तहसील भादरा निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा की 10 फरवरी 2026 को अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। ज्ञापन में कहा गया कि घटना को कई माह बीत जाने के बावजूद पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। मामले में एसआईटी का गठन किए जाने के बावजूद अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगने पर समाज ने चिंता जताई।
ज्ञापन में कहा गया कि इस मामले को लेकर परिवार एवं समाज पूर्व में भी पुलिस अधिकारियों से मिल चुका है। इसके अलावा गोगामेड़ी पुलिस थाने के समक्ष एक माह से अधिक समय तक धरना भी दिया गया था। महासभा ने कहा कि इसके बावजूद परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से हत्या के सभी संभावित पहलुओं से जांच करवाकर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही कहा कि मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है और पीड़ित परिवार लगातार न्याय के लिए प्रयासरत है।
दूसरे ज्ञापन में हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज के संचालक राज तिवारी के विरुद्ध प्रस्तुत परिवाद की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। महासभा ने कहा कि चाणक्य क्लासेज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाली पुरानी संस्था है, जहां जिले सहित अन्य क्षेत्रों से विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। ज्ञापन में संगठन की ओर से राज तिवारी की सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































