श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने बांधा श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में

46

-अबोहर रोड गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन गूंजे जयकारे
हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति, अबोहर रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बुधवार को गौशाला परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित कथा में बाल संत श्री हरिदास महाराज, ऋषिकेश वालों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरा कथा स्थल भगवान के जयकारों एवं भजनों से गूंजता रहा।
बाल संत हरिदास महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान की कथा मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म और लोककल्याण का संदेश देता है। उनके जीवन का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य को विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देता है।
कथा के दौरान महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोकुल के वातावरण तथा उनके प्रति गोप-गोपियों और ब्रजवासियों की भक्ति का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति में सच्ची श्रद्धा और समर्पण का विशेष महत्व है। मनुष्य को अपने जीवन में अहंकार, लोभ और मोह का त्याग करते हुए प्रेम, सेवा, सदाचार और परोपकार की भावना को अपनाना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।