हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कालीबंगा में सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी, ग्रामीणों में आक्रोश

36

– 30 दिन में कार्रवाई के निर्देश भी बेअसर, जल निकासी और गंदगी की समस्या से परेशान आमजन ने जिला प्रशासन से मांगा जवाब
हनुमानगढ़।
गांव कालीबंगा में जल निकासी और सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। हैरानी की बात यह है कि राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से भी इस मामले में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद आज दिन तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। आमजन का कहना है कि जब न्यायालय के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही तो आम ग्रामीण अपनी समस्या के समाधान के लिए आखिर किसके पास जाएं।
गौरतलब है कि गांव कालीबंगा निवासी सुनील कुमार पुत्र लालचंद ने गांव की जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट में सिविल रिट याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता रमेश कुमार ने न्यायालय को बताया था कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए जिला परिषद हनुमानगढ़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को अभ्यावेदन दिया गया था, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल एवं न्यायाधीश बलजिंदर सिंह संधू की खंडपीठ ने 14 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी करते हुए जिला परिषद हनुमानगढ़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए थे कि याचिकाकर्ता के अभ्यावेदन पर उसकी प्रति प्राप्त होने से 30 दिनों के भीतर विचार कर निर्णय लिया जाए तथा गांव कालीबंगा में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।