हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की ओर से टाइगर फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी के सामने धरना देकर जुलूस के रूप में हनुमानगढ़ जंक्शन शहर के विभिन्न मार्गों से जागरूकता रैली निकाली। रैली शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। सभा में वक्ताओं ने फाइनेंस कंपनी पर मनमानी करने और एक मजदूर के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए रोष जताया।
सभा को संबोधित करते हुए माकपा नेता कामरेड शेर सिंह शाक्य ने बताया कि सजीपुरा निवासी राकेश खर्रा पेट्रोल पंप पर मजदूरी का कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के एक एजेंट ने राकेश को कम ब्याज पर लोन दिलाने का प्रस्ताव दिया था। एजेंट ने ब्याज दर 25 पैसे से अधिक नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद राकेश ने लोन की प्रक्रिया के लिए अपने दस्तावेज कंपनी को सौंप दिए और स्पष्ट किया था कि पूरा एस्टीमेट तैयार होने के बाद ब्याज सहित कुल राशि की जानकारी दी जाए तथा उसकी सहमति के बाद ही लोन अप्रूव किया जाए।
शाक्य ने आरोप लगाया कि कंपनी ने राकेश के खाते में लोन की एक भी राशि जमा नहीं करवाई, लेकिन बाद में उसे बताया गया कि कंपनी 1 रुपये 91 पैसे ब्याज वसूल करेगी। इतनी अधिक ब्याज दर की जानकारी मिलने पर राकेश ने लोन लेने से इनकार कर दिया और अपने मूल दस्तावेज वापस मांगे। आरोप है कि दस्तावेज लौटाने के बजाय कंपनी के कर्मचारियों ने 75 हजार रुपये फाइल चार्ज, अन्य शुल्क और लोन क्लोजर के नाम पर मांगे। इस घटना से माकपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































