श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के साथ श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ

48

-श्री सिद्धेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, संत गोविंद दास महाराज के मुखारविंद से कथा श्रवण कर भावविभोर हुए श्रद्धालु
*हनुमानगढ़।* धर्मनगरी हनुमानगढ़ टाउन में इन दिनों भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता की अनुपम छटा बिखर रही है। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति रजि. के तत्वावधान में समिति के 27 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुक्रवार को श्री सिद्धेश्वर धाम में विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और ब्रह्मचारी संत श्री गोविंद दास महाराज ऋषिकेश वाले के मुखारविंद से श्रीराम कथा का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया। संपूर्ण कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। धार्मिक वातावरण, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
कथा के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। संत गोविंद दास महाराज ने श्रीराम कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, प्रेम, करुणा और धर्म के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन प्रत्येक मनुष्य के लिए आदर्श है। भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और माता-पिता के प्रति सम्मान का जो संदेश दिया, वह आज भी मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारवान बनाने और समाज में सद्भाव स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य को आत्मिक शांति के साथ जीवन में सद्कर्म करने की प्रेरणा मिलती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।