हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा परिंडे (पानी के पात्र) लगाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में परिषद की ओर से जंक्शन नई मंडी स्थित गुरुतेग बहादुर मार्ग पर परिंडे लगाए गए, ताकि तपती गर्मी में पक्षियों को पानी की कमी से जूझना न पड़े और उन्हें राहत मिल सके। इस अवसर पर परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता एक गंभीर समस्या बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिषद के सभी कार्यकर्ता तन, मन और धन से इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य है कि इस भीषण गर्मी में कोई भी पक्षी प्यास के कारण न मरे और सभी को जीवनदायिनी राहत मिल सके। यह प्रयास केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी है।
अभियान के तहत आज गुरुतेग बहादुर मार्ग पर परिषद सदस्यों के सहयोग से जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में कुल 11 परिंडे लगाए गए। प्रवीण जैन ने जानकारी दी कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जहां-जहां परिषद के कार्यकर्ता एवं सदस्य मौजूद हैं, वहां अपने-अपने स्तर पर परिंडे लगाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































