सामाजिक समरसता न्याय मंच की बैठक सम्पन्न

203

– 3 जनवरी 2026 को माता सावित्रीबाई फुले जयंती पर रक्तदान शिविर व मातृशक्ति प्रतिभा सम्मान का निर्णय
हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच राजस्थान की ओर से 3 जनवरी 2026 को देश की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले की जयंती को भव्य रूप से मनाने को लेकर आयोजित बैठक आज सम्पन्न हुई। यह बैठक राजेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में श्री विश्वकर्मा मंदिर, टाउन में आयोजित की गई। बैठक में जयंती समारोह को सफल बनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई तथा संगठन के सक्रिय सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।
बैठक में मंच के संयोजक मनीराम कारगवाल एवं अध्यक्ष रामप्रताप भाट के निर्देशानुसार कार्यक्रम की संपूर्ण कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। तय किया गया कि माता सावित्रीबाई फुले की शिक्षा, सामाजिक चेतना एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जयंती समारोह को सेवा और सम्मान के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज में मानव सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहन मिले।
इसके साथ ही “मातृशक्ति प्रतिभा सम्मान” समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस सम्मान समारोह में वर्ष 2024-2025 के दौरान राजकीय सेवाओं, नीट, आईआईटी, प्रशासनिक परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाओं के साथ-साथ मूल पिछड़ा वर्ग की समकक्ष प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। संगठन का मानना है कि इससे समाज में बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष रामप्रताप उर्फ प्रकाशनाथ ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मातृशक्ति को इस कार्यक्रम से जोड़ें, ताकि महिला सशक्तिकरण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा के माध्यम से समाज में क्रांतिकारी बदलाव की नींव रखी, उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाना मंच का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि माता सावित्रीबाई फुले जयंती समारोह केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि प्रत्येक तहसील स्तर पर मनाया जाएगा, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों तक कार्यक्रम की पहुंच सुनिश्चित हो सके। अंत में सचिव दुर्गादत्त सैनी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।