– औषधि विभाग को सौंपा ज्ञापन, मेडिकल दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाने की मांग
हनुमानगढ़। जिले में मेडिकल दुकानों के माध्यम से नशीली दवाओं के बढ़ते अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद ने औषधि अनुज्ञापन अधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जाए और इस अवैध गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।
ज्ञापन में परिषद के जिलाध्यक्ष एवं सम्भागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने बताया कि पिछले कुछ समय से जिले में गोलियों, कैप्सूल और अन्य नशीली दवाओं का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके कारण अनेक युवा नशे की गिरफ्त में आकर चोरी, लूटपाट और चैन स्नेचिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो रहे हैं। महिलाओं के साथ चैन स्नेचिंग और छीना-झपटी की वारदातें भी आए दिन सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय का वातावरण बना हुआ है।
परिषद ने ज्ञापन में मांग की है कि औषधि विभाग एक विशेष दल गठित कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की मेडिकल दुकानों पर छापेमारी करे। विशेष रूप से हनुमानगढ़ जंक्शन और टाउन के आसपास के गांवों की मेडिकल दुकानों पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जहां से नशे के कारोबार की शिकायतें अधिक मिल रही हैं। परिषद ने बताया कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मेडिकल स्टोरों का संचालन कर अवैध रूप से नशीली दवाओं का व्यापार कर रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
राष्ट्रीय युवक परिषद ने विभाग को भरोसा दिलाया कि वह इस अभियान में पूर्ण सहयोग करेगी और ऐसे लोगों की पहचान कर संबंधित जानकारी औषधि विभाग को उपलब्ध कराएगी ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके। परिषद ने औषधि अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से इस विषय में गंभीरता दिखाने की अपेक्षा जताई है।
इस मौके पर प्रवीण जैन, कुरड़ाराम, पवन सोनी, सचिन वॉट्स, राजपाल, महेश, रवि भटनागर, दारा सिंह, सचिन त्यागी, ओम बाबल, राकेश त्यागी, रामकरन वर्मा, वीरेंद्र पाल सिंह, दुर्गा प्रसाद शर्मा, सुनीता भाटी, कालूराम गोदारा, राजेंद्र कुमार, प्रेम राज सहित सदस्य मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































