फर्जी एप्प्स ड्राइवरों के खिलाफ टैक्सी यूनियन का आक्रोश

192

– हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर के ड्राइवरों को रास्ते मे टारगेट कर रहा है फर्जी एप्प्स के गिरोह, पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया ज्ञापन
हनुमानगढ़। सोमवार को टैक्सी यूनियन हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर के प्रतिनिधियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर एक गंभीर शिकायत दर्ज करवाई। ज्ञापन में बताया गया कि जिले से बाहर जाने वाले वैध टैक्सी चालकों को दिल्ली और हरियाणा में फर्जी एप्प्स के ड्राइवरों द्वारा रास्ते मे रोक कर अनावश्यक रूप से तंग किया जा रहा है। यह घटनाएं पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे जिले के टैक्सी चालकों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन के माध्यम से यूनियन ने बताया कि फर्जी एप्प्स ड्राइवरों द्वारा बनाए गए फर्जी मोबाइल ऐप के माध्यम से आमजन को गुमराह कर ठगा जा रहा है। जब इस गिरोह के विरुद्ध टैक्सी यूनियन द्वारा पहले विरोध दर्ज कराया गया, तो इन फर्जी एप्प्स ड्राइवरों ने बदले की भावना से हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर के वैध टैक्सी चालकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। दिल्ली और हरियाणा की सीमाओं पर स्थित टोल टैक्स पर इन्हें रोका जाता है, परेशान किया जाता है और काम करने से भी रोका जाता है।
टैक्सी यूनियन के प्रधान तरसेम सिंह ने बताया कि वैध चालकों की पहचान और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यूनियन ने सभी ड्राइवरों का पंजीकरण कर उन्हें हनुमानगढ़ पुलिस थाने में प्रस्तुत किया है। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऐसे कोई ड्राइवर जो आमजन के साथ दुर्व्यवहार करते हैं या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं, उनकी जिम्मेदारी यूनियन नहीं लेगी। बावजूद इसके, फर्जी गिरोह यूनियन से जुड़े वैध ड्राइवरों को लगातार परेशान कर रहा है।
यूनियन ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की कि ऐसे फर्जी एप्प्स ड्राइवरों और ऐप्स पर त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और वैध टैक्सी चालकों का कार्य बाधित न हो। साथ ही दिल्ली एवं हरियाणा प्रशासन से समन्वय कर फर्जीवाड़े में लिप्त गिरोह पर सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।