-सभापति मंजू रणवां ने चंदबरदाई चौक के सौंदर्यीकरण की घोषणा की, अष्टधातु प्रतिमा लगाने का ऐलान
हनुमानगढ़। महाकवि राव चंदबरदाई की जयंती के अवसर पर बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में जयंती समारोह आयोजित किया गया। सर्वभाट राव ऑल इंडिया फाउंडेशन की जिला इकाई हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने महाकवि राव चंदबरदाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके साहित्यिक योगदान और वीर रस की परंपरा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल रहे। पूर्व सभापति सुमित रणवां, सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल, पीलीबंगा के पार्षद रमेश कुमार भाट एवं पूजा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाशनाथ उर्फ रामप्रताप भाट ने की। सर्वभाट राव ऑल इंडिया फाउंडेशन जिला इकाई हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष विजय भाट ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाशनाथ उर्फ रामप्रताप भाट ने महाकवि राव चंदबरदाई के जीवन और साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राव चंदबरदाई हिंदी साहित्य के प्रारंभिक दौर के महत्वपूर्ण कवि माने जाते हैं। उनके साहित्य में वीरता, स्वाभिमान, शौर्य और राष्ट्रभावना की अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि महाकवि की रचनाएं आज भी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं।
सभापति मंजू रणवां ने कार्यक्रम के दौरान महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शहर में स्थित महाकवि राव चंदबरदाई चौक को अत्याधुनिक रूप दिया जाएगा। चौक के सौंदर्यीकरण के साथ यहां महाकवि राव चंदबरदाई की भव्य अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि चौक को आकर्षक स्वरूप देकर महाकवि के व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा। इस घोषणा पर समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































