वार्ड 10 में चोरी की घटनाओं से वार्डवासी परेशान, थाने पहुंचे वार्डवासी

30

– 15 दिन में सात वारदातों का दावा, मोबाइल-नकदी चोरी पर रोक लगाने की मांग, थाना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 10 एवं सेक्टर नंबर 12 में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर वार्डवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। पार्षद नवीन बाकोलिया के नेतृत्व में वार्डवासियों ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पहुंचकर थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपा तथा क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों में चोरों द्वारा सात चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। इनमें मुख्य रूप से घरों से मोबाइल फोन और नकदी चोरी की जा रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि 14 सितंबर की रात वार्ड नंबर 10, सेक्टर नंबर 12 निवासी सुरजीत पुत्र सुल्तान सिंह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे परिवार के सो जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति पास स्थित खाली प्लॉट से दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुआ। चोर कमरे में रखी पेटी तथा सुरजीत के पुत्र सोनू की पेंट की जेब से कुल 21 हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए मोबाइल में लावा सी-30 शामिल है, जिसमें वीआई सिम नंबर 9982804914 तथा एयरटेल सिम नंबर 8699113392 लगी थी। इसके अलावा सैमसंग एफ-23 मोबाइल भी चोरी हुआ, जिसमें एयरटेल की सिम लगी थी। सुबह परिवार के जागने पर मोबाइल और नकदी गायब मिलने पर आसपास तलाश की गई तथा लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।