जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में मक्कासर के पहलवानों ने दिखाया दमखम

37

-सात स्वर्ण, चार रजत व एक कांस्य पदक जीते, ग्रामीणों ने विजेता खिलाड़ियों का किया स्वागत
हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कैचियां में आयोजित जिला स्तरीय कुश्ती विद्यालय प्रतियोगिता में गांव मक्कासर के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। मक्कासर के कोच सुखा सिंह के अखाड़े से प्रशिक्षण प्राप्त पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में दमखम दिखाते हुए जिले में गांव का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के गांव मक्कासर पहुंचने पर ग्रामीणों की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान पहलवान दौला सिंह, पहलवान यादवेन्द्र सिंह, पहलवान सुखा सिंह, पहलवान गुरप्रीत सिंह, पहलवान हबीब खान सहित अन्य ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल में गांव के युवाओं की लगातार बढ़ती भागीदारी क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
पहलवान यादवेन्द्र सिंह ने कहा कि गांव मक्कासर को पहलवानों की धरती के रूप में पहचान मिली हुई है। उस्ताद दर्शन सिंह की प्रेरणा और मार्गदर्शन से गांव में लगातार कुश्ती के खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े में युवाओं को खेल के साथ अनुशासन और मेहनत का महत्व भी सिखाया जा रहा है। खेलों से जुड़कर युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रह रहे हैं तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
कोच सुखा सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सभी पहलवानों ने नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता की तैयारी की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी मक्कासर के पहलवान शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।