हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंघ सभा हनुमानगढ़ जंक्शन में निर्माणाधीन नए गुरुद्वारा भवन के प्रथम तल का लेंटर रविवार को गुरु की अरदास के पश्चात श्रद्धा और उत्साह के साथ लगाया गया। लेंटर डालने के अवसर पर बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही और निर्माण कार्य की सफलता के लिए अरदास की गई। इस मौके पर विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां, नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।
गुरुद्वारा प्रधान नक्षत्र सिंह ने बताया कि नए गुरुद्वारा भवन का निर्माण समस्त शहरवासियों और सिख संगत के सहयोग से कराया जा रहा है। भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ वर्तमान समय की आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसकी योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि यह भवन आगामी 100 वर्षों तक संगत के लिए सुविधाजनक और उपयोगी बना रहे।
उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा साहिब परिसर में करीब 16 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण किया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर करीब 10 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में प्रथम दरबार साहिब का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि प्रथम तल पर लगभग 7 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में दूसरे दरबार साहिब का निर्माण होगा। पार्किंग व्यवस्था से बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के साथ संगत को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































