श्री अमृत सेवा समिति का प्रथम स्थापना दिवस श्रद्धापूर्वक संपन्न

35

फतेहगढ़ रोड स्थित गौशाला में की पूजा-अर्चना, सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़ । शहर की प्रमुख समाजसेवी संस्था श्री अमृत सेवा समिति का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को प्रथम स्थापना दिवस पूर्ण श्रद्धा भाव एवं उत्साह के साथ मनाया गया। वर्षगांठ के अवसर पर संस्था के सदस्यों ने सुबह 7:15 बजे फतेहगढ़ रोड स्थित गऊ, पंछी एवं मानव सेवा समिति परिसर पहुंचकर विधिवत रूप से गौ माता की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गोवंश को हरा चारा और गुड़ खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट मनप्रीत सिकंदर ने समिति की स्थापना की पृष्ठभूमि और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ठीक एक वर्ष पूर्व शहर के जागरूक युवाओं और समाजसेवी लोगों ने मिलकर इस समिति की नींव रखी थी। उस समय पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान पीड़ित परिवारों की मदद के लिए संस्था का गठन किया गया था। समिति के सदस्यों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर व्यापक स्तर पर राशन और खाद्य सामग्री वितरित करने का सराहनीय कार्य किया।
एडवोकेट सिकंदर ने आगे कहा कि बाढ़ राहत अभियान से शुरू हुआ यह सेवा कार्य तब से अनवरत जारी है। संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के असहाय, निर्धन और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना तथा बेजुबान पशु-पक्षियों के संरक्षण व सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना है। स्थापना दिवस पर सभी सदस्यों ने सेवा के इस दायरे को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।