अखण्ड ज्योति पाठ में गूंजा श्याम नाम, सजी भव्य झांकियां

159

श्री श्याम महोत्सव के अंतर्गत रॉयल पैराडाइज पैलेस में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
हनुमानगढ़। जय श्री श्याम परिवार कला मण्डल हनुमानगढ़ की ओर से मनाए जा रहे 20वें श्री श्याम महोत्सव के अंतर्गत रविवार को रॉयल पैराडाइज पैलेस, हनुमानगढ़ टाउन की पावन धरा पर संगीतमय अखण्ड ज्योति पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री श्याम बाबा का अलौकिक और मनोहारी दरबार सजाया गया, जिसमें आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। अखण्ड ज्योति पाठ के शुभारंभ अवसर पर अतिथि शेरू बाबानी परिवार एवं अंकित कंदोई परिवार द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर ज्योति प्रज्वलित की गई। ज्योति प्रज्वलन के साथ ही श्रद्धालुओं ने बाबा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। आयोजन स्थल पर सजे श्याम बाबा के दरबार में विशेष पुष्प श्रृंगार और आकर्षक सजावट की गई, जो श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम प्रतीत हो रही थी। श्याम भगत दिनेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत गतरात्रि को संदीप सुलतानपुरिया (कोलकाता) की ओर से “नानी बाई का मायरा” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, वहीं रविवार को संगीतमय अखण्ड ज्योति पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान सुमधुर श्याम भजनों के साथ सामूहिक ज्योति पाठ किया गया, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। सुंदर-सुंदर झांकियों ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण कोलकाता से आए कलाकार रहे, जिन्होंने नृत्य-नाटिका के माध्यम से श्री श्याम बाबा के जन्मोत्सव से लेकर शीश के दान तक की अलौकिक कथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों की भावपूर्ण अदाकारी, मनमोहक नृत्य और संगीत के समन्वय ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। भक्तों की धमाल और तालियों की गूंज के बीच यह प्रस्तुति श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम बनी। आयोजन की व्यवस्था का दायित्व संरक्षक राजेश सेतिया, पवन बंसल, अध्यक्ष विनोद तलवाड़िया, उपाध्यक्ष सुभाष स्वामी, सचिव तरुण सारण, सह-सचिव गौरव बजाज, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रचार मंत्री सुभाष स्वामी मामा सहित कार्यकारिणी सदस्यों रविन्द्र गुप्ता, संजय मित्तल, रविशंकर मुंदड़ा, मनोज गड़िवाल, विकास मोदी, संदीप बवेजा, शंकर गुप्ता, पीयूष, जतिन, अंशुल नागपाल, जसपाल छाबड़ा, गजानन्द जी, मुकेश बालासरिया, मणिक जैन, अंकित कंदोई, शेरू जी, सतीश सेतिया, राकेश कंदोई, चंद्रप्रकाश, मनोज, मोहनलाल, राजेश, निशांत, योगेश, राहुल मित्तल एवं समस्त सदस्यों ने कुशलतापूर्वक संभाला। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु अखण्ड ज्योति पाठ में शामिल हुए और श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों की आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर यह आयोजन श्री श्याम महोत्सव की गरिमा को और भी भव्य बना गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।