आय से अधिक संपत्ति के आरोपों पर कार्रवाई की मांग तेज

104

-12 मई तक जांच नहीं हुई तो आयकर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। जिले में आय से अधिक संपत्ति के आरोपों को लेकर प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। रणजीतपुरा निवासी दो व्यक्तियों ने जिला कलेक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर एक अधिवक्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 12 मई 2026 तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आयकर कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
प्रार्थना पत्र में प्रार्थी रामकुमार और मोहनलाल ने आरोप लगाया है कि बार संघ हनुमानगढ़ में पंजीकृत अधिवक्ता जगतपाल ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया और राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
प्रार्थियों के अनुसार संबंधित अधिवक्ता ने वर्ष 2018 में श्रम विभाग राजस्थान में मजदूर कार्ड बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें स्वयं को भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करने वाला बताया गया। जबकि वास्तविकता में वह लंबे समय से न्यायालय परिसर में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत है। इस कथित विसंगति को गंभीर बताते हुए प्रार्थियों ने इसे सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर और धोखाधड़ी का मामला बताया है।
आरोपों में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में धन उधार दे रखा है, जिसकी राशि लगभग तीन करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। प्रार्थियों का कहना है कि इतनी बड़ी आर्थिक गतिविधियों के बावजूद आय के स्रोतों का स्पष्ट विवरण सामने नहीं है, जिससे आय से अधिक संपत्ति का संदेह और गहरा हो जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।