-38 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद 21 प्रतिभागियों का मूल्यांकन, रोजगारपरक प्रशिक्षण से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
हनुमानगढ़। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित 38 दिवसीय असिस्टेंट बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोहपूर्वक हुआ। प्रशिक्षण में 21 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक भाग लेकर लेखांकन एवं कार्यालय प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को भविष्य में अर्जित ज्ञान का उपयोग कर स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बही-खाता लेखन, लेखांकन के मूल सिद्धांत, कार्यालयी कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण, दस्तावेज प्रबंधन तथा कंप्यूटर आधारित लेखांकन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर कुसुम नाग द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें रोजगार के लिए तैयार किया।
प्रशिक्षण के समापन पर डोमेन असेसर भंवरलाल स्वामी एवं संजय कुमार ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावहारिक दक्षता का परीक्षण किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की अध्यक्षता अनुदेशक मुकेश भानुशाली ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल उनके भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से निरंतर सीखने और अपने कौशल को विकसित करते रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़ ने बताया कि आरसेटी द्वारा भविष्य में भी विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बकरी पालन, डेयरी फार्मिंग, वस्त्र चित्रकला सहित अन्य व्यवसायिक प्रशिक्षण बैच संचालित किए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































