एथेनॉल प्लांट के विरोध व महापंचायत को समर्थन का लिया सर्वसम्मत निर्णय

161

हनुमानगढ़। पंचायत समिति हनुमानगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रशासकों (सरपंचों) की एक महत्वपूर्ण बैठक गांव रामसरा नारायण में आयोजित की गई। बैठक में राठीखेड़ा टीब्बी में प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट को हटाने, आंदोलनकारियों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने तथा 17 दिसंबर को संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तावित महापंचायत को समर्थन देने को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में सभी ग्राम पंचायत प्रशासकों ने एकजुट होकर जनहित के इस मुद्दे पर आंदोलन के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत रामसरा नारायण के प्रशासक (सरपंच) प्रतिनिधि हरदीप सिंह रोडिकपुरा ने कहा कि हनुमानगढ़ क्षेत्र में लगाया जा रहा यह एथेनॉल प्लांट आने वाले समय में अत्यंत भयावह परिणाम लेकर आ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्लांट के लगने से क्षेत्र का वातावरण गंभीर रूप से प्रदूषित होगा, जिससे पर्यावरण, जलवायु और जल स्रोतों को भारी नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि खेती और पशुपालन पर निर्भर इस क्षेत्र की जीवनशैली पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। हरदीप सिंह ने बताया कि एथेनॉल प्लांट के विरोध में लंबे समय से संघर्ष समिति द्वारा आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसे पंचायत प्रशासक (सरपंच) संघ पूर्ण समर्थन देता है। इसी क्रम में बैठक के दौरान सभी प्रशासक सरपंचों ने अपना समर्थन पत्र किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रमेश मनुका एवं उपाध्यक्ष काका सिंह रोडिकपुरा को सौंपा। समर्थन पत्र के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक इस आंदोलन को मजबूती दी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 17 दिसंबर को आयोजित होने वाली महापंचायत में प्रत्येक ग्राम पंचायत से सभी वर्गों को साथ लेकर प्रशासक (सरपंच) स्वयं भाग लेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक गांव या पंचायत की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी हुई है। इस बैठक में रेशम सिंह, अमर सिंह,जसपाल कोर, रमनदीपहरदीप सिंह रोडिकपुरा, जीतो देवी सहित अनेक ग्राम पंचायत प्रशासक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में एथेनॉल प्लांट के विरोध में संघर्ष को तेज करने और महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर सरपंच रामेश्वर लाल , अमर सिंह मुंडा, बलदेव सिंह मटोरियावाली ढाणी, रेशम सिंह, गुरलाल सतीपुरा, हरदीप सिंह रोडीकपुरा, इकबाल सिंह 8 एलएलडब्ल्यू, डायरेक्टर गुरप्रीत सिंह, काशीराम मेंबर, भगीरथ, पाल सिंह, किसान यूनियन टिकैत अध्यक्ष रेशम सिंह, संदीप सिंह कंग, गंगा सिंह, रूप सिंह, मेवा सिंह भूलर, काका सिंहसंधू, भीम बाना, अंग्रेज सिंह, लक्षमण सिंह, नवी ग्रेवाल आदि मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।