अंबेडकर जयंती पर नारी महिला मोर्चा का प्रेरणादायक कार्यक्रम

86

-शिक्षा को बदलाव का माध्यम बनाने का लिया संकल्प, महिलाओं ने दी सहभागिता
हनुमानगढ़। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर महिला  मोर्चा द्वारा हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अंबेडकर पार्क में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, स्वाभिमान जन जागृति एकता मंच के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूर्व पार्सद कमला देवी, गुरु रविदास गुरु घर के बाबा जी संतोक दास जी, हेमचंद मांड्या सुलोचना रमेश कंडा, पूर्व पार्षद सुरेश महायच इकबाल गिल सचिव रजनी देवीसहित अनेक गणमान्य लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और मिठाईयां बांटी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने एक स्वर में बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए संतोष बंसल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को समाज में परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना था। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वही अपने बच्चों के भविष्य को संवारती हैं। यदि महिलाएं अपने बच्चों को शिक्षित बनाने का संकल्प लें, तो समाज में जागरूकता और आत्मनिर्भरता स्वतः विकसित होगी। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का हर बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक बाबा साहेब के सपनों का भारत साकार नहीं हो सकता।
महिला मोर्चा अध्यक्ष कमला देवी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर महिला अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करे, तो आने वाली पीढ़ी में सकारात्मक बदलाव निश्चित है। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं और अपने बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।