श्री राम कथा के तीसरे दिन भगवान के अवतारों की महिमा का हुआ विस्तृत वर्णन

101

भगवान सुधार के लिए अवतार लेते हैं, संकल्प से सिद्ध होते हैं सभी कार्य : गोपाल सुदामा शर्मा
हनुमानगढ़ टाउन, 30 मई। बस स्टैंड के सामने स्थित श्री सनातन महावीर दल धर्मशाला में आयोजित श्री राम कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कथा के दौरान कथावाचक गोपाल सुदामा शर्मा ने भगवान के विभिन्न अवतारों की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया । न्यास अध्यक्ष प्रेमरतन पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कथा का आयोजन श्रीमती अंजू शर्मा, धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री महावीर शर्मा, तथा श्रीमती भाग्यश्री एवं अंकुर शर्मा द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव से करवाया जा रहा है। श्री राम कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक सुप्रसिद्ध कथावाचक गोपाल सुदामा शर्मा के मुखारविंद से किया जा रहा है।
कथावाचक शर्मा ने कहा कि भगवान को समय-समय पर अवतार क्यों लेना पड़ा, इसका उत्तर हमारे शास्त्रों और पुराणों में मिलता है। जब-जब संसार में अधर्म, अन्याय और असंतुलन बढ़ता है, तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर मानवता को सही मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान किसी को मारने या केवल किसी का उद्धार करने के लिए अवतार नहीं लेते, बल्कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज और मानव जीवन में सुधार लाना होता है। भगवान का प्रत्येक अवतार धर्म की स्थापना और जनकल्याण के लिए होता है। उन्होंने कहा कि संकल्प में अपार शक्ति होती है। यदि व्यक्ति दृढ़ निश्चय और सच्चे मन से संकल्प ले तो उसके सभी कार्य पूर्ण हो सकते हैं। जीवन में सफलता,आध्यात्मिक उन्नति और सामाजिक कल्याण के लिए सकारात्मक संकल्प अत्यंत आवश्यक है। कथा के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों तथा उनके द्वारा दिए गए संदेशों का सुंदर वर्णन किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।