राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय गौपूजन कार्यक्रम आयोजित

152

-अबोहर बाईपास स्थित गौशाला में विधिविधान से हुई पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जंक्शन की अबोहर बाईपास स्थित श्री गौशाला सेवा समिति परिसर में गोपालन विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत गौपूजन कर प्रदेश की समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में गोसेवकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक गणेशराज बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित चौधरी, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर, विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल से आशीष पारीक, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. राकेश गांधी, जिला गौशाला विकास समिति के जिलाध्यक्ष बजरंग सिंह शेखावत एवं उपाध्यक्ष मनोहरलाल बंसल मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गौशाला सेवा समिति के अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने की।
सभी अतिथियों ने पंडित राजेन्द्र शास्त्री के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण विधिविधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। गौपूजन के दौरान गौमाता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को माता का दर्जा प्राप्त है और उनकी सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। राज्य सरकार द्वारा गोपालन, गौसंरक्षण एवं पशुपालन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गौमाता को गुड़ खिलाकर मंगलकामनाएं भी की गईं। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास हुआ है और गौशालाओं के विकास के लिए भी निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गौशाला प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही गोसेवा एवं पशु संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।