हनुमानगढ़। श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से युवा महोत्सव में लगातार दूसरी बार एकल गायन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली युवक देव चुघ पुत्र आकाश चुघ का भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने देव चुघ की इस उपलब्धि को जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि देव चुघ ने अपनी मेहनत, लगन और सुरों की साधना से यह सिद्ध कर दिया है कि हनुमानगढ़ की युवा प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना एक असाधारण उपलब्धि है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इस अवसर पर श्री संत सज्जन चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान हरपाल सिंह, उपाध्यक्ष पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार, बिक्रम धूडिया, सागर धूडिया, राकेश जिन्दल ने देव चुघ को साफा पहनाकर, माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अभिनंदन समारोह के उपरांत देव चुघ की ओर से राजकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निशुल्क लंगर सेवा का आयोजन किया गया। इस सेवा में सैकड़ों मरीजों और उनके परिजनों ने भोजन ग्रहण किया। देव चुघ ने कहा कि समाज से जो सम्मान और प्रेम उन्हें मिला है, उसका ऋण चुकाने का यह एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों की सेवा से ही जीवन को वास्तविक संतोष मिलता है। गौरतलब है कि श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से निरंतर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। ट्रस्ट द्वारा प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो समय राजकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा आम जरूरतमंद जनता के लिए निशुल्क लंगर की व्यवस्था की जाती है। इस पुनीत कार्य में शहरवासी बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। ट्रस्ट की परंपरा के अनुसार किसी भी शुभ अवसर, पारिवारिक कार्यक्रम या माता-पिता की बरसी के अवसर पर लोग अपनी ओर से लंगर सेवा का खर्च वहन कर समाजसेवा में योगदान देते हैं।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि देव चुघ जैसी प्रतिभाओं का सम्मान करना और उन्हें समाजसेवा से जोड़ना ही संस्था का उद्देश्य है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































