-महिला कांग्रेस ने हस्ताक्षर व पोस्टकार्ड अभियान चलाकर उठाई ओबीसी, एससी-एसटी महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की मांग
हनुमानगढ़। महिला कांग्रेस हनुमानगढ़ द्वारा महिला आरक्षण कानून के तत्काल क्रियान्वयन तथा ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग को लेकर शनिवार को हस्ताक्षर एवं पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जंक्शन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलदीप इंदौरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर तथा ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुलोचना बावरी ने की। अभियान के तहत महिलाओं ने हस्ताक्षर कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग की। साथ ही पोस्टकार्ड के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून का जल्द लागू होना देश की महिलाओं के राजनीतिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाएं राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कानून लागू नहीं होने से महिलाओं को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल पाया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को भी समान रूप से प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































