हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम एसोसिएशन ने जिले में अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल के भंडारण, परिवहन और विक्रय करने वाले डीजल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा विभिन्न सरकारी रैलियों में आपूर्ति किए गए डीजल के बकाया बिलों का भुगतान करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पतराम भांभू के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में प्रशासन को जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध डीजल कारोबार और पेट्रोल पंप संचालकों की आर्थिक परेशानियों से अवगत करवाया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि पड़ोसी राज्यों पंजाब एवं हरियाणा में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर होने के कारण हनुमानगढ़ जिले में बड़े स्तर पर अवैध डीजल सप्लाई का कारोबार फल-फूल रहा है। डीजल माफिया पंजाब और हरियाणा से डीजल लाकर गांव-गांव में होटल, दुकानों और अन्य स्थानों पर खुलेआम अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेच रहे हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं वैध पेट्रोल पंप संचालकों के कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी 22 मार्च 2024 को तहसीलवार सूची प्रशासन को उपलब्ध करवाई गई थी। इसके बाद भी कई बार जिला प्रशासन और जिला रसद अधिकारी को अवगत करवाया गया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मक्कासर की गली नंबर 2 में एक दुकान पर तथा ग्राम कोहला में मामा-भांजा होटल के सामने स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के पीछे से बड़ी मात्रा में अवैध डीजल-पेट्रोल बेचा जा रहा है।
इसके अलावा ग्राम लखुवाली में पुलिस चौकी से मात्र 100 फुट की दूरी पर दो दुकानों में खुलेआम डीजल-पेट्रोल की बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन के अनुसार गांवों में सैकड़ों पिकअप वाहन अवैध डीजल सप्लाई के कार्य में लगे हुए हैं। ज्ञापन में कई वाहनों के नंबर भी प्रशासन को उपलब्ध करवाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन पंजाब से डीजल लाकर गांवों और होटलों में सप्लाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































