सिंधी बाल संस्कार शिविर का भव्य शुभारंभ

187

– बच्चों को सिंधी संस्कृति से जोड़ने हेतु समर्पित प्रयास
हनुमानगढ़। 
पूज्य सिंधी पंचायत एवं भारतीय सिंधु सभा हनुमानगढ़ जंक्शन इकाई के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 18 जून, बुधवार को गांधीनगर स्थित सिंधी धर्मशाला में “सिंधी बाल संस्कार शिविर” का भव्य शुभारंभ हुआ। यह शिविर सिंधी समाज के बच्चों को उनकी संस्कृति, परंपरा और भाषा से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। शुभारंभ अवसर पर भगवान झूलेलाल जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस शुभारंभ समारोह में पूज्य सिंधी पंचायत के वरिष्ठ मुखी किशनलाल जी, अध्यक्ष इंद्र कुमार तथा भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष धर्मदास सावलानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का आरंभ किया। अध्यक्ष इंद्र कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को गर्मी की छुट्टियों में उनकी मूल संस्कृति, सभ्यता व परंपराओं से अवगत कराना है, जिससे वे अपने संस्कारों से जुड़ाव बनाए रखें। भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष धर्मदास सावलानी ने बताया कि यह शिविर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें सिंधी भाषा, डांडिया नृत्य, भजन, गीत, पारंपरिक रीति-रिवाज, कुकिंग आदि विषयों के माध्यम से बच्चों को समृद्ध सांस्कृतिक ज्ञान दिया जाता है।

इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य श्री राजकुमार विशनानी ने शिविर को बच्चों के चारित्रिक निर्माण का एक उत्कृष्ट माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ही भावी पीढ़ी को अच्छे नागरिक व जिम्मेदार इंसान बनने की प्रेरणा देते हैं। सुरेशिया पंचायत के वासुदेव गिदवानी व मोहन बौद्धिजनी ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत उपयोगी बताया। शिविर प्रभारी जया प्रधाननी व मोहिनी देवी के निर्देशन में बच्चों ने सिंधी प्रार्थना और भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में सिंधी समाज के कई गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनमें हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष तोलाराम जी, शीतल दास, इंद्र परलानी, हेमन जी, हीरानंद, दुर्गाराम, कुंदन लाल विशेष रूप से शामिल थे। कार्यक्रम की सफलता में श्री नथूराम केसवानी, कन्हैयालाल, दीपक जी, उपाध्यक्ष प्रेम पेशवानी, राजकुमार कार्याणी, विकी पोपटनी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। शिविर में बच्चों को सिंधी भाषा की मुद्रित किताबें व नोटबुक वितरित की गईं, जिनके माध्यम से उन्हें लिखित रूप में भाषा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।