– धान की बुवाई प्रभावित, काश्तकारों ने जिला कलेक्टर से लगाई गुहार
हनुमानगढ़। चक 10 एचएमएच के काश्तकारों ने पक्के खाले के निर्माण में अनावश्यक देरी और पक्षपात का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि सिंचाई विभाग द्वारा राज्य सरकार की योजना अंतर्गत चक 10 एचएमएच में पक्का खाला निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था। सी.ए.डी. विभाग द्वारा लगभग 6 मुरब्बा क्षेत्र में खाला निर्माण पूर्ण भी किया जा चुका है। लेकिन आगे का निर्माण कार्य काश्तकार चन्द्रभान द्वारा न्यायालय में दायर वाद के चलते रुक गया था।
ज्ञापन में बताया गया कि माननीय न्यायालय सिविल न्यायाधीश, हनुमानगढ़ ने 25 जून 2025 को आदेश पारित करते हुए विभाग को निर्देशित किया कि खाला निर्माण पूर्व पैमाईश अनुसार चक प्लान के अनुरूप किया जाए। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम द्वारा पैमाईश कर कोर्ट में रिपोर्ट भी पेश की गई और विभाग को निर्माण कार्य पुनः शुरू करने के निर्देश दे दिए गए।
लेकिन काश्तकारों का आरोप है कि ठेकेदार राजनीतिक दबाव में आकर खाला निर्माण कार्य टाल रहा है और निर्धारित 8.6 फीट चौड़ाई के बजाय केवल 6 फीट चौड़ाई में खाला बनाने की कोशिश की जा रही है जिससे काश्तकार चन्द्रभान को अनुचित लाभ मिल सके। इससे अन्य काश्तकारों की सिंचाई सुविधा बाधित हो रही है। ठेकेदार द्वारा पूर्व निर्मित खाले को ध्वस्त भी किया जा चुका है जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। धान की बुवाई का समय होने के बावजूद किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































