– गौवंश के स्वास्थ्य व सेवा भाव को समर्पित रहा धार्मिक अनुष्ठान
हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला परिसर में आज धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां श्री गौ सेवा संस्थान के तत्वावधान में गौवंश की सेवा और उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर 101 सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन गौ माता के प्रति श्रद्धा, करुणा और सामाजिक,सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बना। इस पावन अवसर पर 101 सुंदरकांड पाठ का वाचन श्री सांवलिया सेठ सुंदरकांड मित्र मंडल द्वारा अत्यंत सुंदर, मधुर और श्रद्धाभावपूर्ण ढंग से किया गया। पाठ के दौरान पूरे गौशाला परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त रहा। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से पाठ में सम्मिलित हुए और श्रीराम भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के दौरान श्री गौ सेवा संस्थान के सचिव नरोत्तम सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि फाटक गौशाला में बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गोवंश का इलाज जनसहयोग से निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल एक कार्य नहीं बल्कि मानव धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गौवंश के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और संरक्षण की भावना से 101 सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, ताकि समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो सके।फाटक गोशाला अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया सुन्दरकाण्ड मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को सांय 5 बजे निःशुल्क सुन्दरकाण्ड पाठ गोशाला प्रांगण में किया जाएगा,आज के पाठ में आया चढ़ावा कोहला फार्म में असहाय गोवंश के हरे चारे के लिए दिया गया । सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने एक साथ बैठकर पाठ किया और गौ माता के कल्याण की प्रार्थना की। पाठ के समापन पर विधिवत रूप से भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरे वातावरण में प्रसन्नता और संतोष का भाव दिखाई दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि समाज को गौ सेवा और जनसहयोग के प्रति जागरूक करने का भी एक सशक्त माध्यम बना। श्री गौ सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे ऐसे आयोजनों से निश्चित रूप से गौवंश संरक्षण और सेवा कार्यों को नई दिशा और ऊर्जा मिलती रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































