मिनी सब जूनियर राज्य स्तरीय हॉकी में हनुमानगढ़ का दबदबा, फाइनल में फलौदी को 8–0 से हराया

158

– गुरु हरिकिशन स्कूल में समारोहपूर्वक समापन, भविष्य बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण निरवाल में
हनुमानगढ़। जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में जंक्शन स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल में आयोजित मिनी सब जूनियर छात्र राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन रविवार को भव्य एवं समारोहपूर्वक हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फलौदी की टीम को एकतरफा मुकाबले में 8–0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए फलौदी को गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबले के दौरान हनुमानगढ़ की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। तेज पासिंग, बेहतरीन डिफेंस और सटीक फिनिशिंग के दम पर टीम ने लगातार गोल दागे। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों की तालमेल और रणनीति इतनी प्रभावी रही कि फलौदी की टीम पूरे मैच में दबाव में नजर आई। निर्णायक मुकाबले में हनुमानगढ़ की इस शानदार जीत ने पूरे टूर्नामेंट में उनके वर्चस्व को साबित कर दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा नेता अमित चौधरी, भाजपा नेता अमन संधू रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय हॉकी संघ के सचिव पवित्र बिश्नोई, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, पूर्व हॉकी खिलाड़ी गुरदीप सिंह, दर्शन सिंह संधू, सुशील बिश्नोई, एसबीआई के चीफ मैनेजर निर्मल सिंह संधू, कविन्द्र सिंह शेखावत, बंटी, कोटू, बेबी जैन, सूरजाराम सिहाग एवं देवेन्द्र पूनिया उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता हनुमानगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष राकेश बेनीवाल ने की।
अतिथियों द्वारा विजेता टीम हनुमानगढ़, उपविजेता टीम फलौदी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली भीलवाड़ा टीम को मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के सम्मान के दौरान स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश बेनीवाल व सचिव सुनील भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर गांव निरवाल में आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर कोच शेर सिंह के निर्देशन में होगा। प्रशिक्षण के उपरांत ये खिलाड़ी 2 फरवरी से 11 फरवरी तक लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।