19 मार्च से चैत्र नवरात्रि शुरू हो रहे हैं। फिर 27 मार्च को महानवमी के साथ चैत्र नवरात्रि की समाप्ति हो जाएगी। इस नवरात्रि की शुरुआत बड़े ही दुर्लभ संयोग में होगी। इस समय खरमास लग चुका है। पंचक भी लगा हुआ है। नवरात्रि की कलश स्थापना पंचक और खरमास में होगी। खरमास 15 मार्च से लगा है, जोकि 14 अप्रैल तक रहेगा। जबकि पंचक 16 मार्च से लगा है और ये 20 मार्च तक रहेगा।
ऐसी मान्यता है कि नवरात्रि में घटस्थापना या कलश स्थापना करने से घर में सदैव समृद्धि आती है और माता दुर्गा की कृपा से धन- धान्य की कभी कमी नहीं होती है। ऐसा कहा जाता है कि नवरात्रि की पूजा तब तक पूर्ण नहीं होती है जब तक घर में सही विधि से कलश की स्थापना ना की जाए। यही नहीं सही विधि से यदि घर में कलश की स्थापना की जाती है तो इसमें ब्रह्मा, विष्णु, महेश और देवी शक्ति का निवास हो जाता है।
इसके साथ ही आपको कलश का नारियल हमेशा सही दिशा में ही रखने की सलाह दी जाती है। गलत दिशा में कलश रखने से भी पूजा का पूर्ण फल नहीं मिलता है। कलश स्थापना के समय इसमें जौ डालकर ज्वारे उगाए जाते हैं और ये संपन्नता का प्रतीक माने जाते हैं। कलश को सही तरीके से स्थापित करने से आपके घर में आने वाली सभी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलती है।
कब-कब है घटस्थापना या कलश स्थापना का मुहूर्त (Kalash Sthapna Muhurat)
नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना या कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है। इस दिन माता दुर्गा की पूजा के साथ व्रत का संकल्प भी लिया जाता है और नौ दिनों तक माता की विधिपूर्वक आराधना की जाती है।
- अभिजीत मुहूर्त- 19 मार्च, दोपहर 12:22 बजे से 1:10 बजे तक
- अगर अभिजीत मुहूर्त में घटस्थापना संभव न हो तो चौघड़िया के अनुसार भी कई शुभ समय उपलब्ध हैं। इन मुहूर्तों में भी आप कलश स्थापना कर सकती हैं।
- शुभ मुहूर्त: सुबह 7:00 बजे से 8:17 बजे तक
- चंचल मुहूर्त: सुबह 11:16 बजे से 12:46 बजे तक
- लाभ और अमृत बेला: दोपहर 12:46 बजे से 3:46 बजे तक
- इनमें से किसी भी शुभ समय में घटस्थापना करना आपके लिए लाभदायक हो सकता है।
- इस दिन राहु काल दोपहर 2:00 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा, इसलिए इस दौरान आप कलश स्थापना या कोई भी शुभ कार्य करने से बचें।
चैत्र नवरात्रि के नौ दिनों में पहनें इन शुभ रंगों के कपड़े
| दिन | तिथि | नवरात्रि का रंग | माता का स्वरूप |
| पहला दिन | 19 मार्च, 2026 | पीला रंग | मां शैलपुत्री |
| दूसरा दिन | 20 मार्च, 2026 | हरा रंग | मां ब्रह्मचारिणी |
| तीसरा दिन | 21 मार्च, 2026 | स्लेटी रंग | मां चंद्रघंटा |
| चौथा दिन | 22 मार्च, 2026 | नारंगी रंग | मां कुष्मांडा |
| पांचवां दिन | 23 मार्च, 2026 | सफेद रंग | मां स्कंदमाता |
| छठा दिन | 24 मार्च, 2026 | लाल रंग | मां कात्यायनी |
| सातवां दिन | 25 मार्च, 2026 | रॉयल ब्लू | मां कालरात्रि |
| आठवां दिन | 26 मार्च, 2026 | गुलाबी | मां महागौरी |
| नौवां दिन | 27 मार्च, 2026 | बैंगनी | मां सिद्धिदात्री और राम नवमी |
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































