’-त्यौहार से पहले सुधार कार्य की मांग, चेतावनी-दो दिन में काम शुरू न हुआ तो बंद रहेगा बाजार’
हनुमानगढ़। त्यौहार के मौसम में शहर की खस्ताहाल सड़कों से परेशान दुकानदारों ने नगरपरिषद प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जंक्शन भगत सिंह चौक से सतीपुरा तक के दुकानदारों ने सड़कों की बदतर स्थिति को लेकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा और तुरंत कार्य शुरू करने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि शहर की प्रमुख व्यावसायिक सड़कों पर महीनों से खुदाई के कारण आवागमन बाधित है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दुकानदार पृथ्वी खिचड़ ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से सतीपुरा ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जबकि भगत सिंह चौक से चुना फाटक तक की सड़क पिछले एक वर्ष से अधर में लटकी हुई है। उन्होंने कहा कि छह माह पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों से हुई बैठक में यह तय हुआ था कि होली से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन आज तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इस बीच सीवरेज लाइन के नाम पर पूरे क्षेत्र में खुदाई कर दी गई है, जिससे सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
दुकानदारों ने बताया कि निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और सड़कों की खराब हालत के कारण ग्राहक अब बाजार आने से कतराने लगे हैं। धूल-मिट्टी और पानी भराव की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने पहले भी कई बार सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































