‘देश में आर्थिक तूफान आने वाला है’ राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर दिया बड़ा बयान, देखें VIDEO

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अदाणी और अंबानी वाला जो ढांचा बना रखा है वह अब पूरी तरह से टूट जाएगा और इसका असर आम जनता पर पड़ेगा।

61

देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश को एक बड़े आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है और इसका सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ेगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आने वाला आर्थिक झटका सबसे ज्यादा युवाओं, गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों को प्रभावित करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में जो आर्थिक ढांचा तैयार किया गया, उसका फायदा सिर्फ चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों तक सीमित रहा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी फिलहाल अपने संसदीय क्षेत्र Raebareli के दौरे पर हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव का असर अब धीरे-धीरे जमीन पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने की बजाय दूसरी बातों में लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें: 24 मई तक देशभर में भीषण गर्मी का कहर, इन राज्यों में हुआ हीटवेव अलर्ट जारी

अडानी नहीं, आम जनता पर पड़ेगा सबसे बड़ा असर
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था कुछ बड़े उद्योगपतियों के इर्द-गिर्द खड़ी की गई है। उनका कहना था कि अगर यह ढांचा कमजोर पड़ता है, तो उसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपति किसी भी संकट से खुद को बचा सकते हैं, लेकिन आम जनता, युवा और छोटे कारोबारी सबसे ज्यादा मुश्किल में फंसेंगे। राहुल गांधी के मुताबिक आने वाला समय देश के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

तेल और गैस की बढ़ती कीमतों का जिक्र
राहुल गांधी ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। दरअसल, अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर बढ़ते दबाव और संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल, गैस और उर्वरकों की कीमतों में तेजी आई है। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है। पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और खाद की कीमतों पर दबाव बढ़ा है और आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पहले भी कर चुके हैं आर्थिक मुद्दों पर टिप्पणी
राहुल गांधी इससे पहले भी कई आर्थिक फैसलों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी को देश की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताया था। कोरोना महामारी से पहले भी राहुल गांधी ने देश में बड़े आर्थिक और सामाजिक संकट की आशंका जताई थी। अब एक बार फिर उन्होंने देश के सामने कठिन आर्थिक दौर आने की चेतावनी दी है।

चैनल को सब्सक्राइब करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।