ग्राम पंचायत धोलीपाल में भ्रष्टाचार की जांच की मांग तेज

31

-तीसरा ज्ञापन सौंपकर 3 दिन में रिकॉर्ड जब्त करने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़। 
ग्राम पंचायत धोलीपाल में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जिला कलेक्टर को तीसरा ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर पंचायत का समस्त रिकॉर्ड जब्त कर निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की गई तो मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि 16 अप्रैल की जनसुनवाई तथा 21 मई 2026 को पुनः जिला प्रशासन को शिकायतें दी गई थीं। शिकायतों में ग्राम पंचायत में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, पट्टों में गड़बड़ी, स्वामित्व नक्शा प्रथम में कथित हेरफेर, फर्जी भुगतान, नरेगा में फर्जी हाजिरी लगाकर राशि उठाने तथा राजकोष को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों द्वारा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला स्तरीय जांच समिति कई बार पंचायत मुख्यालय पहुंच चुकी है, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं दिए जा रहे। ऐसे में रिकॉर्ड में फेरबदल की आशंका को देखते हुए तत्काल रिकॉर्ड जब्त करने की मांग की गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।